Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेस्ले फैक्टरी के बाहर किसानों का धरना, मांगें पूरी करने की चेतावनी

August 7, 2026

नेस्ले फैक्टरी के बाहर किसानों का धरना, मांगें पूरी करने की चेतावनी

Farmers protest outside Nestle factory : मोगा। लंबित मांगों को लेकर प्रोग्रेसिव अलायंस फार्मर एसोसिएशन ने शुक्रवार को नेस्ले फैक्टरी के मुख्य गेट पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने कमीशन बढ़ाने, दूध की फैट-एसएनएफ कटौती तय करने और पुराने उपकरण बदलने समेत विभिन्न मांगें उठाईं। प्रतिनिधिमंडल ने नेस्ले प्रबंधन से बैठक कर जल्द समाधान की मांग की और मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

नेस्ले से 4% कमीशन समेत मांगें पूरी करने की मांग

उन्होंने मांग की कि उनका कमीशन 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत किया जाए। इसके साथ ही दूध में फैट कटौती 4.7 तथा एसएनएफ 9.50 निर्धारित किया जाए। दूध ठंडा करने वाले पुराने उपकरणों (पैको) को बदलकर नए लगाए जाएं और दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए आवश्यक परीक्षण उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नेस्ले प्रबंधन की होगी।

नेस्ले प्रबंधन से मिला किसान प्रतिनिधिमंडल

धरने के बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नेस्ले प्रबंधन के साथ बैठक कर अपनी मांगों से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।धरने में लखविंदर सिंह लाली, गुरमेल सिंह राऊवाल, गुरप्रीत सिंह गोरा, परम कुमार राजू, संदीप कुमार, राकेश कुमार, कुलवंत सिंह, राजविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, सुभाष चंद्र, बब्बू भदौड़, बब्बल कंबोज, अखिल भारतीय किसान सभा के सचिव जनरल कामरेड कुलदीप सिंह भोला, नरेगा मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव जगसीर खोसा, एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखजिंदर महेसरी, भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) पंजाब के गुरनैब सिंह सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।धरने के दौरान अजमेर सिंह आकलिया ने अपने क्रांतिकारी गीतों के माध्यम से किसानों में जोश भर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें