Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस हिरासत में महिला से कथित मारपीट को लेकर किसान यूनियन ने थाने के बाहर लगाया धरना

September 16, 2026

पुलिस हिरासत में महिला से कथित मारपीट को लेकर किसान यूनियन ने थाने के बाहर लगाया धरना

मानसा : पुलिस थाने में एक महिला को कथित तौर पर गैरकानूनी हिरासत में रखने और उसके साथ मारपीट के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की ओर से आज सिटी-2 थाने के आगे धरना लगा दिया गया। किसान यूनियन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। किसान यूनियन के नेता राम सिंह भैणीबाघा का आरोप है कि पुलिस ने सोमवार शाम एक महिला को उसके घर से उठाया और थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

किसान यूनियन के मुताबिक महिला के सिर पर कथित तौर पर चप्पल से वार किया गया। देर रात जब किसान यूनियन के लोग पीड़ित महिला को छुड़वाने थाने पहुंचे, तो महिला ने रोते अपने साथ हुई कथित मारपीट की जानकारी दी। किसान यूनियन का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में थाना इंचार्ज से सवाल किया, तो पुलिस ने कथित तौर पर उनके सामने भी महिला के साथ मारपीट की गई। किसान यूनियन की ओर से धरना जारी है और उनकी मांग है कि महिला के साथ कथित मारपीट के मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

दूसरी तरफ पुलिस ने किसान यूनियन द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। सिटी-2 थाना इंचार्ज बेअंत कौर के मुताबिक सोमवार को शहर में एक युवक पर फायरिंग की घटना हुई थी। इसी मामले की जांच के सिलसिले में एक महिला को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। उन्होंने कहा कि महिला के साथ किसी भी तरह की मारपीट नहीं की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें