Site icon Dainik Savera Times

Ladowal Toll Plaza पर फिर से कब्जा करेंगे किसान, 18 अगस्त तक टोल फीस कम करने का अल्टीमेटम

लुधियाना : पंजाब का सबसे महंगा टोल प्लाजा लाडोवाल 18 अगस्त से फिर से फ्री होने जा रहा है। बढ़ी हुई टोल फीस को देखते हुए किसानों ने एनएचएआई को वाहनों पर टैक्स कम करने का अल्टीमेटम दिया है। अगर एनएचएआई ने दरें कम नहीं की तो एक बार फिर किसान लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना देकर लोगों के लिए टोल फ्री करवाएंगे।

बता दें कि इससे पहले 46 दिनों तक किसानों ने टोल प्लाजा पर स्थायी मोर्चा लगाकर टोल फ्री करवाया था। हाईकोर्ट में केस चला लेकिन किसान सीधे तौर पर वहां पक्ष नहीं बन पाए। पंजाब सरकार के वकील ने भी खूब बहस की लेकिन हाईकोर्ट ने एनएचएआई के पक्ष में फैसला सुनाया। कोर्ट ने प्रशासन को टोल शुरू करने के आदेश दिए थे। जिस दिन टोल शुरू हुआ, उस दिन किसान नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। अब किसानों ने खुद टोल प्लाजा मामले में रिट दायर कर दी है।

प्रधान दिलबाग सिंह ने कहा कि 15 अगस्त को ट्रैक्टर मार्च निकाला जा रहा है। अब टोल प्लाजा पर भी किसानों को निशाना बनाया जा रहा है। जिस वाहन पर किसानी का झंडा लगा है, उसे रोका जा रहा है। शेष भारत में किसानी का झंडा देखकर किसी को टोल पर नहीं रोका जाता। भारतीय किसान यूनियन दोआबा, भारतीय किसान यूनियन डकौंदा और भारतीय किसान मजदूर यूनियन 18 अगस्त को लाडोवाल टोल प्लाजा पर मीटिंग करेंगे और जल्द ही टोल फ्री करवाएंगे।

Exit mobile version