Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में बेखौफ चोरों का आतंक, घर से गैस सिलेंडर चोरी, CCTV फुटेज सामने आई

September 21, 2026

मोगा में बेखौफ चोरों का आतंक, घर से गैस सिलेंडर चोरी, CCTV फुटेज सामने आई

मोगा: मोगा शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोर अब घरों में घुसकर घरेलू सामान चोरी करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा मामला कोटकपूरा बाईपास के नजदीक स्थित साहिबजादा अजीत सिंह नगर से सामने आया है, जहां देर रात दो चोर घर में घुसकर गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है।

जानकारी देते हुए घर के मालिक ने बताया कि घटना देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है। उन्होंने बताया कि दो संदिग्ध व्यक्ति पहले घर के आसपास घूमते हुए नजर आए और कुछ समय तक इलाके की निगरानी करते रहे। इसके बाद दोनों आरोपित घर में दाखिल हुए और वहां लगा गैस सिलेंडर उठाकर मौके से फरार हो गए।

 

घर के मालिक के अनुसार, जब उन्हें चोरी की घटना का पता चला तो उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों व्यक्ति घर के आसपास घूमते और बाद में सिलेंडर लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के लिए आरोपितों की पहचान करना अहम कड़ी माना जा रहा है।

घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है।

घर के मालिक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी करने वाले आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा चोरी किया गया गैस सिलेंडर बरामद किया जाए। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने भी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने की बात कही है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें