Site icon Dainik Savera Times

फाइनांसर जिंदी मर्डर केस: गवाह बने भाई के घर पर फायरिंग करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना: होटल कारोबारी व फाइनांसर जिंदी की हत्या के मामले के गवाह उसके भाई कमलजीत के घर पर गोली चलाने की प्लानिंग के तार लुधियाना जेल व दुबई से जुड़े हैं। जिंदी मर्डर केस में लुधियाना जेल में बंद आरोपी दर्पन और दुबई में रह रहे गैंगस्टर नमित शर्मा इसके पीछे हैं। उनके साथ ही अक्षय और दानिश की भी इसमें अहम भूमिका है। इन लोगों ने ही प्लानिंग करके यह वारदात करवाई थी। स्पैशल सैल की टीम ने वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा के अलावा 5 पिस्टल व भारी मात्र में कारतूस भी मिले हैं। आरोपियों की पहचान जवाहर नगर कैंप के रहने वाले मान्या साहनी, कुशवीर सिंह उर्फ गुरी व वरूण गोंगी के रूप में हुई है।

बता दें कि साल 2020 में होटल कारोबारी एवं फाइनांसर जिंदी का कत्ल हुआ था। इस केस में जिंदी का भाई कमलजीत गवाह है। जुलाई महीने में ही अदालत में उसकी गवाही होनी है। समझा जा रहा है कि उसे डराने के ईरादे से ही यह वारदात करवाई गई थी। इन तीनों से हुई पूछताछ के बाद ही इस सारी प्लानिंग के बारे में खुलासा हुआ है। अब पुलिस जल्द ही इस मामले में जेल में बंद आरोपी दर्पन को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी, जबकि बाकी दोनों आरोपियों अक्षय और दानिश की भी पुलिस तलाश कर रही है। बता दें कि 14 जुलाई की रात को एक्टिवा सवार तीन आरोपियों ने हल्ला करते हुए जवाहर नगर कैंप के रहने वाले कमलजीत के घर पर गोली चलाई थी, जो उसके घर के गेट पर लगी। गोली चलाकर फरार होते हुए आरोपी वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में रिकॉर्ड हो गए।

वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस पहले दिन से ही इस मामले में जिंदी के कत्ल की गवाही से जोड़कर देख रही थी। जांच की जिम्मेदारी स्पैशल सैल के इंचार्ज नवदीप सिंह को सौंपी गई। नवदीप और उनकी टीम ने इस पर काम शुरू किया और आरोपियों का एस्केप रूट ढूंढ निकाला। फिर टैक्नीकल विंग की मदद से पुलिस ने गोली चलाने वाले तीनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के कब्जे से .32 बोर के 4 पिस्टल, 1 पिस्टल .30 बोर, .32 बोर के 6 मैगजीन, .30 बोर का एक मैगजीन, .30 बोर के 2 बड़े मैगजीन, .32 बोर के 22 रौंद, 5 रिवॉल्वर के रौंद, 3 खाली रौंद और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की काले रंग की एक्टिवा बरामद किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गोली चलाने की प्लानिंग के पीछे दुबई में बैठा नमित शर्मा और लुधियाना जेल में बंद दर्पण और अक्षय व दानिश हैं। इन लोगों ने ही उन्हें वारदात को अंजाम देने के लिए कहा था। पुलिस ने दर्पण को जिंदी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। दुबई में बैठे गैंगस्टर नमित शर्मा, प्रिंकल पर जानलेवा हमला करने के मामले में जेल में बंद गैंगस्टर ऋषभ बैनीपाल उर्फ नानू का साथी रहा है। कुछ दिन पहले भी पुलिस ने 2 आरोपियों को काबू किया था, जिन्होंने पुलिस पूछताछ में बताया था कि दुबई में बैठे नमित शर्मा ने उन्हें प्रिंकल की हत्या करने के लिए कहा था।

ये भी पढ़ें :- वैश्विक दबाव के बीच बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी सपाट

Exit mobile version