पंजाब डेस्क: अमृतसर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी शहीद गंज साहिब में आज आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है। बता दें कि भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए अस्थायी टेंट में आग लग गई, जिससे परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि मौके पर मौजूद सेवादारों और संगत की सतर्कता के कारण आग को समय रहते काबू में कर लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना में किसी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना दोपहर के समय हुई जब टेंट के एक हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में आग की लपटें फैलने लगीं। स्थिति को गंभीर होता देख परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों की ओर भेजना शुरू कर दिया।
सेवादारों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादार सक्रिय हो गए। शुरुआती स्तर पर बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। संगत ने भी आग पर काबू पाने में सहयोग किया, जिसके चलते आग ज्यादा फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई।
प्रारंभिक जांच में गर्मी और बिजली से जुड़ी तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चार दिन पहले भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि इसी गुरुद्वारा परिसर में कुछ दिन पहले लंगर हॉल की शटरिंग गिरने का हादसा हुआ था, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई थी और कई श्रद्धालु घायल हुए थे। अब चार दिन के भीतर दूसरी घटना सामने आने के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें…
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुद्वारा परिसर में बिजली व्यवस्था, अस्थायी ढांचों और सुरक्षा उपायों की गंभीरता से समीक्षा की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

