Site icon Dainik Savera Times

मोगा में सुरक्षा आदेश बेअसर, रिहायशी इलाकों में धड़ल्ले से बिके पटाखे

Fire Safety Norms Flouted Amid Crackers Sale : मोगा। प्रशासन के आदेशों के बावजूद शहर की तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की बिक्री जारी रही। कई दुकानों पर न फायर सेफ्टी के इंतजाम दिखे और न ही सुरक्षा नियमों का पालन होता नजर आया। बिना लाइसेंस बिक्री की शिकायतों ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हैरानी की बात यह रही कि कई स्थानों पर पटाखों की बिक्री के दौरान न तो अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर आए और न ही सुरक्षा नियमों का पालन होता दिखाई दिया। कई जगह बिना लाइसेंस पटाखों का कारोबार किए जाने की शिकायतें भी सामने आईं। ऐसे में पटाखा विक्रेताओं की लापरवाही लोगों की जान और सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है। शहर के रिहायशी इलाकों और तंग गलियों में पटाखों की दुकानें सजाकर कारोबार किया गया। इन स्थानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानों के आसपास दोपहिया और चारपहिया वाहन भी खड़े दिखाई दिए।

यदि ऐसे किसी स्थान पर पटाखे से आग लगने की घटना हो जाए तो दमकल विभाग की गाड़ी का मौके तक पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई दी। फायर सेफ्टी के इंतजाम नदारद पटाखों की बिक्री के दौरान अग्निशमन सुरक्षा के लिए रेत की बाल्टियां, पानी, अग्निशमन यंत्र और अन्य जरूरी इंतजाम होने चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर ऐसे प्रबंध नजर नहीं आए। पटाखों के आसपास ज्वलनशील सामान और भीड़ की मौजूदगी से खतरा और बढ़ जाता है। दुकानदारों की थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

पटाखे बेचने के लिए जरूरी हैं ये नियम नियमों के अनुसार पटाखों की बिक्री के लिए संबंधित प्रशासन से निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस लेना जरूरी है। बिना लाइसेंस पटाखे बेचने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा बिक्री स्थल प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षित स्थान पर होना चाहिए। दुकान में आग बुझाने के यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था जरूरी है। पटाखों को सुरक्षित दूरी पर रखना चाहिए तथा दुकान के आसपास धूम्रपान, खुली आग और ज्वलनशील पदार्थों पर रोक होनी चाहिए। पटाखों की दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।

भीड़भाड़ वाले रिहायशी क्षेत्रों और संकरी गलियों में मनमाने ढंग से पटाखों की बिक्री नहीं की जा सकती। प्रशासन की निगरानी पर उठे सवाल शहरवासियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान प्रशासन की जिम्मेदारी केवल आदेश जारी करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इन आदेशों को जमीन पर लागू करवाना भी जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमें गठित कर पटाखों की दुकानों की जांच की जाए। बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों और फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहार की खुशियां किसी बड़े हादसे में न बदलें।

Exit mobile version