Site icon Dainik Savera Times

फगवाड़ा में फिर चली गोलियां, मामूली बहस पर युवक की बेरहमी से हत्या

पंजाब डेस्क: फगवाड़ा में गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात यह हैं कि पिछले दो महीनों में शहर में यह छठी गोलीकांड की घटना है। बुधवार देर रात हदियाबाद इलाके में फिर गोलियां चलीं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।

घटना हदियाबाद की घनी आबादी वाले क्षेत्र में उस समय हुई, जब मृतक अविनाश (पुत्र नंदलाल) अपने जानकार लोगों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवक उससे किसी बात को लेकर बहस करने लगे। बहस इतनी बढ़ गई कि अचानक आरोपियों में से एक ने अविनाश पर पिस्तौल तानकर गोली चला दी। गोली लगते ही अविनाश की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी वहां से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: भारतीय शेफ के हाथ का खाना क्यों नहीं खाएंगे पुतिन, आलीशान डिनर का जिम्मा किसका? खुला राज

मृतक के भाई ने बताया कि अविनाश शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता था। वह रात को हदियाबाद के जंज घर में बैठा हुआ था, जब आरोपियों ने उसे निशाना बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सतनामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

पिछले एक सप्ताह में यह फगवाड़ा में दूसरी गोलीबारी है। इससे पहले 27 नवंबर को दरवेश पिंड में आम आदमी पार्टी से जुड़े दलजीत राजू के घर पर बदमाशों ने 23 राउंड फायरिंग की थी। उस मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि यह नई वारदात सामने आ गई, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसी बीच फगवाड़ा की एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्रेटा कार से आए हमलावरों की बात गलत निकली है। मृतक अविनाश अपने तीन जानकारों के साथ खाना-पीना कर रहा था। तभी उन्हीं में से एक युवक जसप्रीत उर्फ जस्सा ने गर्मागर्मी में गैरकानूनी हथियार निकालकर उस पर गोली चलाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनमें से एक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात पर दुनिया की नजर, अमेरिका की बढ़ी चिंता

Exit mobile version