Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर बस स्टैंड पर हुई फायरिंग, कर्मचारी को लगी गोलियां, मची अफरा-तफरी

पंजाब डेस्क: अमृतसर के मुख्य बस स्टैंड पर आज सुबह निजी बस ऑपरेटरों के कर्मचारियों के बीच भीषण विवाद हुआ। जिसके चलते बात इतनी बढ़ गई कि गोलियां चलने लगीं, जिससे पूरा परिसर दहशत से भर उठा।

विवाद के चलते चली गोलियां

मौजूदा लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बसों की एंट्री और यात्रियों को पहले चढ़ाने को लेकर लंबे समय से कहा-सुनी चल रही थी। गुस्सा चरम पर पहुंचा तो एक कर्मचारी ने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से एक कर्मचारी मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

कर्मचारी की हालत नाजुक

घायल कर्मचारी की पहचान मक्खन के रूप में की गई है, जिसकी स्थिति डॉक्टरों ने बेहद गंभीर बताई है। फायरिंग के तुरंत बाद बस स्टैंड पर मौजूद यात्री और दुकानदार घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए।

पुलिस ने मौके से बरामद किए छह खोखे

सूचना मिलते ही एसीपी गगनदीप और पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया और मौके से छह खोखे बरामद किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान और उसकी गतिविधियों की सटीक जानकारी मिल सके।

ये भी पढ़ें: जम्मू में हाई अलर्ट: चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात, चेकिंग अभियान जारी

आरोपी फरार, तलाश जारी

फायरिंग करने वाला कर्मचारी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद बसों के समय और यात्रियों को लेकर हुआ।

Exit mobile version