Site icon Dainik Savera Times

जालंधर में चावला मोबाइल शोरूम पर फायरिंग, पकड़ा गया आरोपी बोला- 500 रुपए में चलाईं गोलियां

Chawla Mobile Showroom Firing

Chawla Mobile Showroom Firing

पंजाब डेस्क: जालंधर में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक पर सवार दो युवकों ने चावला मोबाइल शोरूम के बाहर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिससे शोरूम का शीशा टूट गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। फायरिंग करने के बाद वे मौके से भागने लगे, लेकिन बाजार में मौजूद लोगों ने उनका पीछा किया। इसी दौरान उनकी बाइक एक वाहन से टकरा गई, जिससे दोनों गिर पड़े। लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

गुस्साए लोगों ने पकड़े गए आरोपी की जमकर पिटाई की। कुछ लोगों ने उसे चेन से बांध दिया। सूचना मिलने पर थाना नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।

पहले भी मिली थी रंगदारी की धमकी

शोरूम मालिक अंकुश चावला ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्हें 50 लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली थी। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर डोनी बल का भाई बताया था। धमकी देने वाले ने कहा था कि रकम न देने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। बताया जा रहा है कि डोनी बल का नाम पहले भी जालंधर के किशनपुरा इलाके में एक शोरूम पर रंगदारी के लिए हुई फायरिंग के मामले में सामने आ चुका है।

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर

घटना की पूरी वारदात शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। शोरूम मालिक का दावा है कि आरोपी को पकड़ने में उन्होंने भी अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

आरोपी का खुलासा

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह धीना पिंड का रहने वाला है। गोपी नाम के एक युवक ने उसे शोरूम पर गोली चलाने के लिए कहा था और इसके बदले 500 रुपये देने का वादा किया था। आरोपी का यह भी दावा है कि हथियार भी उसी युवक ने उपलब्ध कराया था।

पिछले साल भी दर्ज हुआ था मामला

एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि शोरूम संचालक को पिछले वर्ष भी रंगदारी से जुड़ी धमकियां मिली थीं। उस समय दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उनमें से एक को जालंधर पुलिस ने गिरफ्तार किया था और दूसरे आरोपी को किसी अन्य राज्य की पुलिस ने पकड़ा था।

व्यापारियों में रोष

दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में दुकानदार घटनास्थल पर जमा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मांग की कि बाजारों में पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाए और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस और व्यापारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप

भाजपा नेता अमित तनेजा ने दावा किया कि शोरूम संचालक को लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं और इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों को भी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना स्तर पर शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। हालांकि, थाना प्रभारी यादविंदर सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शोरूम संचालक ने कुछ समय पहले सुरक्षा के लिए गनमैन की मांग की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गनमैन उपलब्ध कराने का निर्णय पुलिस कमिश्नर स्तर पर लिया जाता है और उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं फरार दूसरे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version