चंडीगढ़: बंबीहा गैंग के मास्टरमांइड लक्की पटियाल के नाम से कुछ दिन पहले सैक्टर-38 निवासी पार्षद के रिश्तेदार व होटल/मैरिज पैलेस मालिक मनप्रीत को धमकी मिली थी। उस धमकी भरी कॉल को नजरअंदाज करने पर अब मनप्रीत के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। जिससे दो गोलियां उनके घर के दीवारों व कुछ गोलियां उनके किराएदार की थार पर भी लगी। फायरिंग के बाद उन्हें बुधवार दोपहर के समय फिर से धमकी मिली और उन्हें कहा गया कि ‘देख लिया अंजाम, दो करोड़ रुपए देने होंगे, वरना अंजाम और बुरा होगा’। फायरिंग की घटना का पता बुधवार सुबह लगा, जिसके चलते इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस फायरिंग की घटना में कोई जानी नुकसान नही हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर सैक्टर-39 थाना एसएचओ राम दयाल, पलसौरा चौकी इंचार्ज सब इंस्पैक्टर कुलदीप सिंह समेत पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मनप्रीत के बयानों पर अज्ञात शूटरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सैक्टर-38-सी के मकान नंबर-2176 में मनप्रीत सिंह सैनी उर्फ मन्नू रहते हैं, जिनका मोहाली में रीजेंटा प्लेस व एक मैरिज पैलेस भी है। होटल के अलावा वह सरकारी व प्राइवेट कांट्रैक्टर का भी काम करते हैं। मनप्रीत ने बताया कि रात के समय वे घर में परिवार के साथ सो रहे थे। अचानक बाहर से गोली चलने जैसी आवाज आई, लेकिन पड़ोस में फंक्शन व गुरुपुरब के चलते उन्हें लगा कि बाहर पटाखे चल रहे होंगे। बुधवार सुबह 10.30 बजे जब वे बाहर निकले तो देखा कि उनके घर की दीवारों पर गोलियों के निशान थे। उनके घर में मूल रूप से अबोहर के रहने वाले किराएदार की थार पर भी गोलियां बरसाई गईं। जिससे थार का शीशा टूट गया जबकि दो गोलियां घर की दीवारों पर लगी थीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के बाहर सड़क पर चार खोल भी बरामद हुए। सीएफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
रात 11.30 बजे फंक्शन से घर आए थे होटल मालिक
इस बारे में पार्षद हरदीप ने बताया कि रात के समय वे और मनप्रीत किसी फंक्शन में एक साथ गए थे। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे ही वह अपने घर लौट आए थे। सुबह जब उसके घर की ऊपरी मंजिल में रहने वाले किराएदार अपनी थार गाड़ी निकलने लगे, तो उन्होंने देखा कि गाड़ी के सामने वाले शीशे पर गोली के निशान थे। गोली, थार के शीशों को आर-पार कर गई थी। जिसके बाद उन्होंने मनप्रीत को बताया और फिर पार्षद हरदीप सिंह को फोन किया, जिनको पुलिस को तुरंत इतलाह देने की सलाह दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए और वहां पर सनसनी का माहौल पैदा हो गया।
रात 12.08 की सीसीटीवी में दिखे नाकाबपोश बाइक सवार
वहीं मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी, जिसमें मंगलवार देर रात एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश आते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह मनप्रीत के घर के बाहर कुछ सैकेंड के लिए बाइक रोकते हैं और फिर अंधाधुंध फायरिंग कर वहां से फरार हो जाते हैं। नकाब की वजह से आरोपियों के चहरे साफ नहीं दिखाई दे रहे। हालांकि पुलिस आसपास व शहर में लगे और भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का कुछ सुराग लग सके और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सैक्टर-38-सी से निकलने के बाद वह किस ओर फरार हुए हैं।
फायरिंग के बाद दोबारा मिली धमकी, 2 करोड़ की मांगी फिरौती
वहीं सूत्रों का है कि मनप्रीत के घर पर मंगलवार देर रात हुई फायरिंग के बाद बुधवार दोपहर के समय उन्हें दोबारा फिर से धमकी मिली। कॉलर ने कहा कि अंजाम देख लिया और आगे कहा कि दो करोड़ रुपए की फिरौती देनी ही होगी, वरना अंजाम और बुरा होगा। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामले में सैक्टर-39 थाना पुलिस, पलसौरा चौकी पुलिस, क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल व डीसीसी ने अलग-अलग टीमें बनाकर शूटरों की तलाश शुरू कर
दी है।

