पंजाब डेस्क: नागरा रोड स्थित गुरु नानक नगर में साहिल नामक व्यक्ति के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। आज आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि शुरुआती जांच में शिकायतकर्ता साहिल की कहानी संदिग्ध लग रही थी। कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके घर के बाहर 5 से 6 राउंड फायरिंग की थी।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता साहिल की कपूरथला जेल में गढ़ा निवासी साहिल से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बाद में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गढ़ा निवासी साहिल फिलहाल अमेरिका में है और उसके खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते गुरु नानक नगर निवासी साहिल पर जानलेवा हमला करवाया गया। पुलिस ने जांच के बाद गुरु नानक नगर निवासी साहिल को भी मामले में आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उससे 50 ग्राम हेरोइन और 5200 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
डीसीपी ने बताया कि फायरिंग में शामिल जशनदीप सिंह निवासी बाबा बकाला, जगजीत सिंह निवासी छबेवाली और अमरेंद्र सिंह निवासी बाबा बकाला को वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार सहित गिरफ्तार किया गया है। वहीं, सरवन सिंह निवासी पट्टी बाबा बकाला की भी वारदात में मौजूदगी सामने आई है। पुलिस जल्द उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
📍 Location: जालंधर पुलिस कमिश्नर ऑफिस (जालंधर)

