पंजाबः लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित ग्रैंड वॉक के नजदीक गोलीबारी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ युवकों पर फॉर्च्यूनर कार में आए युवकों ने फायरिंग की। बताया जा रहा है कि करीब पांच से आठ राउंड फायर किए गए, जिसमें दो युवक घायल हो गए।
घायलों में से एक युवक कुछ दिन पहले ही विदेश से वापस लौटा था। बताया जा रहा है कि वह घूमने के लिए निकला था, तभी उस पर हमला कर दिया गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक युवक के पेट में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के कंधे को छूते हुए गोली निकल गई। घटना के बाद यह भी चर्चा रही कि गोलीबारी करने वाले युवक लुधियाना के विधायक भोला ग्रेवाल के रिश्तेदार हैं।
इस मामले पर जब विधायक भोला ग्रेवाल से बात की गई तो उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और न ही आरोपियों में से कोई मेरा भतीजा है। जो घटना हुई है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम घायल युवकों के साथ खड़े हैं और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव सहयोग करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

