पंजाब: फिरोजपुर मंडल ने आज दिनांक 24 जुलाई 2026 को फाजिल्का (पंजाब) से पम्पोर (जम्मू एवं कश्मीर) के लिए पहली बार हस्क की पीसमील लोडिंग सफलतापूर्वक रवाना की। यह खेप 15 जुलाई 2026 से माल लदान के लिए शुरू किए गए पम्पोर गुड्स शेड के लिए भेजी गई पहली पीसमील रेक है। यह उपलब्धि न केवल मंडल की व्यावसायिक सफलता का प्रतीक है, बल्कि ग्राहकों के भारतीय रेलवे के प्रति विश्वास को भी दर्शाती है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट ने व्यापार एवं उद्योग जगत से नियमित संपर्क बनाए रखते हुए सड़क मार्ग से होने वाले माल परिवहन को रेल की ओर आकर्षित किया है। भारतीय रेलवे द्वारा माल भाड़े में दी जा रही रियायतें और एक डिब्बे तक की बुकिंग सुविधा भी व्यापारियों के लिए लाभदायक साबित हो रही है। वहीं, पीसमील ट्रैफिक की व्यवस्था से छोटे और मध्यम व्यापारी भी समूह बनाकर अपने माल को एक जगह से दूसरे जगह भेजकर लाभान्वित हो रहे हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट श्री परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि इस पहल से न केवल मंडल के राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
“बिना वजह चेन पुलिंग पड़ेगी भारी, फिरोजपुर मंडल में जुलाई में 93 मामले रजिस्टर्ड”
ट्रेन के प्रत्येक कोच में आपातकालीन स्थिति में ट्रेन रोकने के लिए अलार्म चेन की सुविधा उपलब्ध होती है। बेवजह चेन पुलिंग रोकने के लिए कोचों में अलार्म चेन हैंडल पर पारदर्शी सुरक्षा कवर और चेतावनी स्टिकर लगाए गए हैं। भारतीय रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत बिना उचित कारण चेन खींचने पर ₹1,000 तक का जुर्माना, एक वर्ष तक का कारावास या दोनों का प्रावधान है। जुलाई 2026 के दौरान अनावश्यक चेन पुलिंग के 93 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
फिरोजपुर मंडल सभी रेलयात्रियों से अपील करता है कि अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें। अनावश्यक चेन पुलिंग से हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित होती है और रेल परिचालन में भी बाधा आती है। फिरोजपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)

