Five Arrested With Arms in Nihal Singh Wala : मोगा। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए निहाल सिंह वाला क्षेत्र से पांच आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच राइफलें, चार पिस्टल, 106 कारतूस, विभिन्न मैगजीन और दो वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी विरोधी गुट पर हमला करने की कथित फिराक में एकत्रित हुए थे। इस दौरान 3 से 4 संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
एसपी-डी अजय राज सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि एसएसपी मोगा सरताज सिंह चाहल के दिशा-निर्देशों पर जिले में आपराधिक तत्वों, नशा तस्करों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत निहाल सिंह वाला पुलिस को यह सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि एसआई रंजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दाना मंडी क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पांच लोगों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनिंदर सिंह निवासी रूपनगर, गुरविंदर सिंह, अमरिंदर सिंह निवासी पटियाला, गुरप्रीत सिंह निवासी संगरूर और सतवंत सिंह निवासी मानूके के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपियों से पांच राइफलें, चार पिस्टल, 106 जिंदा कारतूस, विभिन्न मैगजीन और दो वाहन बरामद किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों की ओर से छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई और कथित आपराधिक साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।

