Site icon Dainik Savera Times

स्वतंत्रता दिवस से पहले जालंधर ग्रामीण में हाई अलर्ट, फ्लैग मार्च, नाकाबंदी

Flag march, blockade : जालंधर। 15 अगस्त के मद्देनज़र जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के निर्देश पर विभिन्न सब-डिवीजनों में फ्लैग मार्च, 24 घंटे विशेष नाकाबंदी, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और वाहनों की गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

बाजारों व संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा जांच

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/08/VID-20260804-WA0034.mp4

सब-डिवीजनों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाले गए तथा विशेष नाकाबंदी कर कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने एवं आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए। फ्लैग मार्च डीएसपी नरिंदर सिंह औजला (सब-डिवीजन करतारपुर), डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ (सब-डिवीजन नकोदर), डीएसपी भारत मसीह लाधड़ (सब-डिवीजन फिल्लौर), डीएसपी सरवन सिंह बल्ल, पी.पी.एस. (सब-डिवीजन शाहकोट) तथा डीएसपी राजीव कुमार (सब-डिवीजन आदमपुर) की निगरानी में आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया।

संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी

आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोहों को ध्यान में रखते हुए जिले भर में 24 घंटे विशेष नाकाबंदी की जा रही है। विभिन्न चेक प्वाइंटों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, बाजारों तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। आम जनता की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERVs) जिले भर में 24×7 तैनात हैं।

112 पर दें सूचना : पुलिस

पुलिस की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु अथवा पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन पर संपर्क करें। प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जालंधर ग्रामीण पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पुलिस का पूरा सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि के संबंध में तुरंत सूचना दें। जनता का सहयोग ही स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Exit mobile version