
लुधियाना: पंजाब से दिल्ली सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एयर इंडिया ने लुधियाना के हलवारा और नई दिल्ली के बीच संचालित होने वाली उड़ानों का आधिकारिक विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है। एयरलाइन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उड़ानों का यह नया समय आगामी 25 अक्टूबर से प्रभावी होने वाला है।
हालांकि दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी की सुविधा पहले की तरह ही जारी रहेगी, लेकिन यात्रियों को अब नए शेड्यूल के अनुसार अपनी यात्रा को प्लान करना होगा।
एयर इंडिया की तरफ से जारी नए विंटर शेड्यूल के अनुसार लुधियाना और नई दिल्ली के बीच दिन में दो बार फ्लाइट उड़ेगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह और शाम दोनों ही वक्त फ्लाट्स उपलब्ध रहने वाली हैं। जिससे पंजाब के व्यापारिक वर्ग व दूसरे काम के लिए अपडाउन करने वाले यात्रियों को फायदा मिलने वाला है।
एयर इंडिया की तरफ से जारी नए शेड्यूल के मुताबिक, सुबह के वक्त संचालित होने वाली उड़ान संख्या AI 481नई दिल्ली से सुबह 9:50 बजे उड़ान भरेगी और ठीक 11:05 बजे हलवारा एयरपोर्ट पर उतरेगी। इसके बाद वापसी की उड़ान संख्या AI 482 हलवारा एयरपोर्ट से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे वापस दिल्ली पहुंच जाएगी।
शाम के समय AI-483 दिल्ली से दोपहर 2:35 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 3:55 बजे हलवारा लैंड हो जाएगी। इसके बाद यही फ्लाइट वापसी के लिए तैयार होगी। AI484 हलवारा से शाम 4:30 बजे उड़ान भरेगी और शाम 5:45 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)