Fog Disrupts Rail Services, 8 Trains to Remain Cancelled for 3 Months : लुधियाना। सर्दियों में घने कोहरे के चलते रेलवे ने चंडीगढ़ से चलने और यहां पहुंचने वाली 8 ट्रेनों को करीब तीन महीने के लिए रद्द करने का फैसला लिया है। इनमें अमृतसर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, फिरोजपुर और डिब्रूगढ़ जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
अलग-अलग ट्रेनों का संचालन 1 और 2 दिसंबर से बंद होगा, जो फरवरी के अंत या मार्च 2027 की शुरुआत तक प्रभावित रहेगा। इसके अलावा, रेलवे ने कोहरे के दौरान सुरक्षित परिचालन के लिए ट्रेनों की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रखने के निर्देश दिए हैं। इससे यात्रियों को सफर में देरी और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ने सर्दियों में घने कोहरे के कारण यह फैसला लिया है। इससे रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। रेलवे ने ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लोको पायलट्स को भी निर्देश जारी किए हैं। 150 किलाेमीटर की गति वाली ट्रेनों को 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इससे ट्रेनों के संचालन में देरी भी हो सकती है। रेलवे ने अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले यात्री संबंधित ट्रेन की स्थिति और ताजा जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इसके लिए आधिकारिक एप रेलवन, वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर जानकारी ली जा सकती है। रेलवे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों से भी सहायता ली जा सकती है।
रेलगाड़ी बंद होने से यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
रेलगाड़ी बंद होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का आवागमन प्रभावित होगा। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे यात्रा का खर्च बढ़ेगा। सड़क मार्ग पर यात्रियों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या भी पैदा हो सकती है। बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी। रेल सेवा बंद होने से छोटे व्यापारियों और स्थानीय कारोबार पर भी असर पड़ेगा। लोगों की मांग है कि रेलगाड़ी का संचालन बंद करने के बजाय इसे नियमित रखा जाए।

