मोगा: दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिला मोगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाइयों की दुकानों, मिठाई निर्माण इकाइयों और किराना स्टोरों की विशेष जांच की। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया के दिशा-निर्देशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 7 सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। जांच के दौरान टीम ने कोट ईसे खां में एक हलवाई की दुकान से रसगुल्लों तथा एक किराना स्टोर से काजू और बादाम के सैंपल लिए। इसके बाद बधनी कलां में मिठाई निर्माण इकाई से टोडा बर्फी और एक अन्य मिठाई की दुकान से चमचम का सैंपल भरा गया।
इसी क्रम में बाघापुराना में भी किराना स्टोरों और मिठाई की दुकानों की जांच की गई। यहां एक मिठाई की दुकान से मिल्क केक और चांदी के वर्क वाली मलाई बर्फी के सैंपल लिए गए। विभाग के अनुसार, सभी सैंपलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि दिवाली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट रोकने और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभाग की ओर से लगातार जांच और सैंपलिंग की जा रही है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित कच्चे माल का इस्तेमाल करने तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारोबारियों के पास वैध एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण होना भी जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मिठाइयां खरीदते समय स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखें तथा मिलावट या घटिया खाद्य पदार्थों की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
📍 Location: मोगा

