पटियाला : जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. गुरप्रीत कौर के नेतृत्व में पटियाला की खाद्य सुरक्षा टीम ने भादसों रोड स्थित फूड डिलीवरी स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लगभग 12 ऐसे खाद्य पदार्थ पाए गए, जिनकी समय सीमा (एक्सपार्यड) समाप्त हो चुकी थी। टीम ने इन सभी समाप्त हो चुके सामानों को जब्त कर लिया है और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, खाद्य सुरक्षा टीम ने डोमिनोज के एक आउटलेट से दो खाद्य पदार्थों के नमूने भी प्रयोगशाला परीक्षण के लिए एकत्र किए। खाद्य सुरक्षा विभाग आम जनता से अपील करता है कि वे ब्लिंकइट, जेप्टो और अन्य ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के माध्यम से खाद्य पदार्थों का ऑर्डर करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें।
यहां यह भी उल्लेख करना आवश्यक है कि पिछले वर्ष, पटियाला की खाद्य सुरक्षा टीम ने अपने नियमित निरीक्षण अभियान के तहत बर्गर किंग, डोमिनोज और केएफसी सहित कई लोकप्रिय फूड चेन से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए थे। संबंधित प्रयोगशाला रिपोर्टों के अनुसार, बर्गर किंग से लिया गया खाना पकाने के तेल का नमूना, डोमिनोज से लिया गया प्यूरी का नमूना और केएफसी से लिया गया कच्चा चिकन का नमूना निम्न गुणवत्ता का पाया गया।

