Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो पनीर सीज

September 20, 2026

मोगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो पनीर सीज

Food Safety Team Inspects Units : मोगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने गांव खाई स्थित पनीर फैक्टरी में पनीर और देसी घी के सैंपल लिए और मौके पर करीब 50 किलो पनीर सीज किया।

इसके अलावा मिठाई की 6 दुकानों/यूनिटों और 4 बेकरी यूनिटों की जांच कर कमियां मिलने पर इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए।
इस दौरान पनीर और देसी घी की जांच करते हुए दोनों के सैंपल लिए गए, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं मौके पर मौजूद करीब 50 किलोग्राम पनीर को सीज कर दिया गया। विभाग के अनुसार, सैंपलों की प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बाघापुराना, निहाल सिंह वाला, मोगा और अजीतवाल में विभिन्न मिठाई की दुकानों व मिठाई तैयार करने वाले कारखानों की भी जांच की गई।

इस दौरान कुल 6 मिठाई दुकानों/यूनिटों का निरीक्षण किया गया। साथ ही 4 बेकरी यूनिटों की भी विशेष जांच की गई। चेकिंग के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, कच्चे माल की स्टोरेज, तैयार मिठाइयों व बेकरी उत्पादों की संभाल, साफ-सफाई, वर्किंग एरिया, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, उत्पादों की मियाद तथा अन्य फूड सेफ्टी मानकों की जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों को कमियां दूर करने के लिए इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए।

कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की सही स्टोरेज और साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि लोगों को सुरक्षित, साफ-सुथरी और गुणवत्तापूर्ण खाद्य वस्तुएं उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सैंपल रिपोर्ट और मौके पर हुई जांच के तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से अपील की कि खाद्य वस्तुएं खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, लेबल, मियाद और अन्य जरूरी जानकारी अवश्य जांचें तथा संदिग्ध या गैर-मानक खाद्य पदार्थ मिलने पर विभाग को सूचित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें