Site icon Dainik Savera Times

पूर्व मंत्री के बेटे ने रेप केस में समझौते के लिए मांगे 50 लाख

फतेहगढ़ साहिब: थाना सरहिंद की पुलिस ने एक रेप केस समझौते के लिए 50 लाख रुपए मांगने के आरोप में सरहिंद के पूर्व मंत्री के बेटे और मौजूदा कांग्रेसी पार्षद समेत तीन लोगों खिलाफ ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे डा. हरबंस लाल (अब भाजपा में) के बेटे विपन कुमार वर्मा उर्फ बब्बू निवासी प्रोफैसर कालोनी सरहिंद, कांग्रेसी पार्षद जगजीत सिंह कोकी निवासी माजरा और इनके साथी जसप्रीत सिंह लाड्डी निवासी रेलवे रोड बाड़ा को नामजद किया है, जोकि संगरूर दिड़बा के गांव गुजरां निवासी सुखदेव सिंह की शिकायत पर दर्ज किया है।


जानकारी के अनुसार गत 11 अप्रैल 2024 को एक नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में जगदीप सिंह निवासी संगरूर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जगदीप के ससुर सुखदेव सिंह ने इस केस की इंक्वायरी लगाई थी। जांच पड़ताल में सामने आया कि रेप केस की पीड़िता व उसकी माता परमजीत कौर, पूर्व मंत्री के बेटे विपन कुमार, कांग्रेसी पार्षद कोकी ने एक गैंग बनाया हुआ है, जोकि लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करते हैं। इस रेप केस में समझौते के लिए जगदीप सिंह से भी 50 लाख रुपए मांगे गए थे। राशि न देने पर जगदीप के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था।


एक अन्य जानकारी के अनुसार जगदीप सिंह के साथ इंस्टाग्राम पर लड़की के साथ दोस्ती हुई थी। लड़की के पिता की 2021 में मौत हो गई थी। उसकी माता तथा भाई हत्या के केस में जेल में बंद हैं। लड़की पीजी में रहती थी तो वहां इंस्टाग्राम से उसकी दोस्ती हुई। जगदीप सिंह पर आरोप थे कि उसने संगरूर से सरहिंद आकर एक होटल में रात को उस लड़की को रखा और जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर रेप का केस दर्ज किया गया था।

Exit mobile version