Site icon Dainik Savera Times

पूर्व सांसद राजमहिंदर साथियों सहित ‘आप’ में शामिल, CM मान ने किया स्वागत

AAP JOIN

AAP JOIN

चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब पूर्व राज्यसभा सांसद राजमहिंदर सिंह मजीठा ने अपने समर्थकों सहित आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया। इससे शिरोमणि अकाली दल को बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राजमहिंदर सिंह मजीठा और उनके साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार आप से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुभवी और समाजसेवा से जुड़े नेताओं के शामिल होने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

मजीठा के साथ आप में शामिल होने वालों में पूर्व आरटीआई आयुक्त हेमिंद्र सिंह मजीठा तथा चीफ खालसा दीवान के सदस्य सुखदीप सिंह मजीठा शामिल हैं। सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व और पंजाब सरकार के कार्यों पर भरोसा जताया।

मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी सभी नेताओं का स्वागत करते हुए लिखा कि आप परिवार में आज एक बड़ा और अहम विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब के धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी प्रतिष्ठित शख्सियतों के पार्टी में शामिल होने से ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण के संकल्प को नयी मजबूती मिलेगी। मान ने कहा कि पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए उनकी सरकार लगातार प्रयासरत है और अनुभवी नेताओं के सहयोग से राज्य के विकास को और गति मिलेगी।

 

Exit mobile version