Site icon Dainik Savera Times

चार आरोपी गिरफ्तार, 56 ग्राम हेरोइन बरामद

Four Arrested, 56 Grams Heroin Seized : मोगा। जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 56 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सिटी मोगा पुलिस के अनुसार पुलिस पार्टी गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम रेलवे लाइन के नजदीक नेचर पार्क मोगा के पास मौजूद थी। पुलिस को वहां एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान शिवम कुमार उर्फ गोलू पुत्र पन्ना लाल, निवासी गुरु नानक नगर, बैक साइड गीता भवन, मोगा के रूप में हुई है।

इसी तरह थाना कोटईसे खां पुलिस गांव बलखंडी के बाहर गश्त के दौरान एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 28 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान रवि सिंह पुत्र तरसेम सिंह, निवासी गांव किली गांधरा, जिला मोगा के रूप में हुई है। वहीं थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने गांव जवाहर सिंह वाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुलवंत सिंह उर्फ सुदामा पुत्र केवल सिंह, निवासी गांव माणूंके को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मामले में चमकौर सिंह पुत्र परमजीत सिंह और महिंदर सिंह पुत्र मलकीत सिंह, दोनों निवासी कोहर सिंह वाला, को भी नामजद कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन उन्हें कहां से मिली थी और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

पुलिस आरोपियों के संपर्कों और पिछले रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी लगातार जारी है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version