Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में 36 किलो हेरोइन के साथ नाबालिग सहित चार गिरफ्तार

Four Arrested With 36 Kg Heroin in Amritsar : अमृतसर। पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित हो रहे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने नाबालिग सहित चार आरोपियों को 36 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे हैंडलर से संपर्क होने और ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवाने का खुलासा हुआ है।

यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल सिंह निवासी घनुपुर, अमृतसर, परमजीत सिंह और कमलपाल सिंह दोनों निवासी राजासांसी, अमृतसर के रूप में हुई है, जिनके साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी परमजीत सिंह का पुराना आपराधिक पृष्ठभूमि है और उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं।

बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने नशे की सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे आरोपियों के दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश बैठे अपने हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उक्त हैंडलर लोपोके क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक हेरोइन की खेप पहुंचाने का प्रबंध कर रहा था, जिन्हें वह आगे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से अन्य पक्षों को सप्लाई करता था।

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेश बैठे हैंडलर के चार साथियों ने लोपोके सीमावर्ती क्षेत्र से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई हेरोइन की बड़ी खेप प्राप्त की है और वे यह खेप अमृतसर-लोपोके रोड पर किसी अन्य पार्टी को सौंपने जा रहे हैं। पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और भारतमाला हाईवे पुल के नजदीक साहिल सिंह, परमजीत सिंह, कमलपाल सिंह और उनके चौथे नाबालिग साथी को 36 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने उनके दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिए। डीजीपी ने बताया कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क का खात्मा करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.), अमृतसर में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत दिनांक 06-11-2026 को एफ.आई.आर. नंबर 72 दर्ज की गई है।

Exit mobile version