Four Arrested with 509 Grams of Heroin : मोगा। थाना कोट ईसे खां पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दाना मंडी कोट ईसे खां में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 509 ग्राम हेरोइन और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
मुखबिर की सूचना पर हेरोइन बरामद
पुलिस ने मामले में पांचवें आरोपी को भी नामजद किया है, जो अभी फरार है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार थाना कोट ईसे खां की प्रभारी सुनीता बावा के नेतृत्व में पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर दाना मंडी कोट ईसे खां में कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 509 ग्राम हेरोइन बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखमंदर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी बहोना चौक, हरगोबिंद नगर, हाल आबाद सिंघावाला, बलदेव सिंह पुत्र जगराज सिंह निवासी तलवंडी भंगेरियां, परबजोत सिंह पुत्र जगसीर सिंह निवासी लोंगोवाल, जिला संगरूर तथा हरविंदर सिंह पुत्र हरदीप सिंह निवासी गांव कुनर, जिला संगरूर के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार मामले में सुखी खान पुत्र राजू निवासी लोंगोवाल, जिला संगरूर को भी नामजद किया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। थाना कोट ईसे खां में पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।