लुधियाना : पंजाब में कारोबारियों और अमीर लोगों को डरा-धमकाकर फिरौती वसूलने वाले नैटवर्क का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ‘नमित गैंग’ के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से हथियार व हैरोइन बरामद हुई है। इस गैंग के सदस्य विदेश में बैठे गैंगस्टर नमित शर्मा के ग्रुप के साथ मिलकर काम करते हैं। गैंग के सदस्यों को महानगर के कारोबारी पर फायरिंग कर मोटी रकम वसूलने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान दुगरी निवासी अभिजीत सिंह, जवाहर नगर कैंप निवासी मान्या साहनी, दुगरी निवासी सुखमन सिंह व दुगरी निवासी अंकुश यादव के रूप में हुई है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सदर में मामला दर्ज कर दिया गया है। डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पैक्टर नवदीप सिंह की टीम पक्खोवाल रोड पर ओमैक्स फ्लैट्स के पास चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान उनकी टीम को सूचना मिली कि अभिजीत सिंह, मानिया साहनी, अंकुश यादव, सुखमन सिंह और युवराज सिंह उर्फ हरमन ने मिलकर एक आपराधिक संगठन बना रखा है, जिसे विदेश में बैठा नमित शर्मा ऑपरेट कर रहा है।
यह गैंग बॉर्डर एरिया से हथियार और हैरोइन मंगवाकर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करता है और कारोबारियों व रईसजादों को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी वसूलता है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाकर अभिजीत सिंह उर्फ मंड, मानिया साहनी, अंकुश यादव और सुखमन सिंह को धर दबोचा।
आरोपियों से मैगजीन समेत प्वाइंट 32 बोर का पिस्टल, तीन ज़िंदा कारतूस, 300 ग्राम हैरोइन व एक स्विफ्ट कार बरामद हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल कर लिया है,जिससे कि पूछताछ में और खुलासे हो सकें।

