मोगा: रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग, पंजाब द्वारा युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सी-पाइट कैंप हुकमत सिंह वाला, जिला फिरोजपुर में लिखित एवं शारीरिक परीक्षा की निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
जिला रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण अधिकारी, मोगा जीवनदीप सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों में लगभग 25,487 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। इनमें सी.ए.पी.एफ., बी.एस.एफ., सी.आई.एस.एफ., सी.आर.पी.एफ., एस.एस.बी., आई.टी.बी.पी., ए.आर., एस.एस.एफ. और एन.आई.ए. आदि बल शामिल हैं। इन पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों द्वारा सितंबर और अक्टूबर माह के दौरान आवेदन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन भर्तियों के लिए लिखित परीक्षा एवं शारीरिक परीक्षा की तैयारी सी-पाइट कैंप, हुकमत सिंह वाला में बिल्कुल निःशुल्क करवाई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और फिजिकल टेस्ट के लिए भी अभ्यास करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि **मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और फरीदकोट जिलों के इच्छुक युवा इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार अपना नाम दर्ज करवाने के लिए सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक सी-पाइट कैंप, हुकमत सिंह वाला में उपस्थित हो सकते हैं।
जीवनदीप सिंह ने योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अपील की कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और भर्ती परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए सी-पाइट कैंप में अपना नाम दर्ज करवाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यालय, मोगा से 62392-66860 पर संपर्क किया जा सकता है।
📍 Location: मोगा

