लुधियाना: पुरानी सब्जी मंडी में नानक नगर के पीछे स्थित पपीते वाली गली में देर रात चोरों ने दो फ्रूट की दुकानों पर धावा बोलकर लाखों रुपए का फ्रूट चोरी कर लिया। यही नही चोरों ने वहां दुकान के बाहर बैठकर शराब पी और फ्रूट काटकर खाए। दुकान के बाहर फलों के छिलके व शराब की खाली बोतलें मिली हैं। मामले का पता चलते ही इस बारे में पुलिस हैल्प लाइन नंबर 112 पर सूचना दी गई।
जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए दुकान मालिक प्रभु दयाल ने बताया कि वह वर्षों से फ्रूट मंडी में होलसेल का काम कर रहे हैं। उनकी दुकान के आगे की तरफ लकड़ी के पुराने दरवाजे लगे हुए हैं, जबकि पीछे की साइड लकड़ी के डंडों से बनी चटाई लगाकर रात को दुकान बंद की जाती है। बुधवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो पीछे की साइड लगी चटाई पूरी तरह टूटी हुई थी।
वहीं बाहर काफी मात्र में कटे हुए फलों के छिलके पड़े हुए थे और शराब की खाली बोतल पड़ी थी,जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने वहीं बैठकर फल काटे और शराब पी। प्रभु दयाल के मुताबिक जब उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो 15 डिब्बे अनार, 20 डिब्बे कीवी, एक डिब्बा ड्रैगन फ्रूट, 13 डिब्बे सेब, दो डिब्बे बॉबी खरबूजा, तीन डिब्बे विदेशी सेब, 13 डिब्बे कश्मीर के सीए सेब और 13 कैरेट अंगूर पूरी तरह गायब थे।

