पंजाब डेस्क: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पंजाब में पेट्रोल और डीजल को लेकर हलचल मची हुई है। बता दें कि जालंधर, लुधियाना और अमृतसर में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है।
जालंधर के BMC चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप में तेल खत्म होने के कारण पंप को बंद कर दिया गया। स्टॉक में देरी की वजह से लगभग आधे घंटे पहले ही पेट्रोल समाप्त हो गया।
लुधियाना में भारत नगर चौक के पास पेट्रोल पंप में भी तेल खत्म हो गया है। पंप को बंद कर दिया गया है और अब केवल गाड़ियों में ही तेल दिया जा रहा है। कैनी और आसपास के कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री फिलहाल रोक दी गई है।
अमृतसर में आज सुबह से ही लोग पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों पर जमा हैं। चंडीगढ़ में ड्रम में डीजल की बिक्री रोक दी गई है। पठानकोट और मोहाली में स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
केंद्र की दो अहम घोषणाएं
एक्साइज ड्यूटी में कटौती, रेट स्थिर रहेंगे
केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10-10 रुपए की एक्साइज ड्यूटी घटाई है। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी अब 3 रुपए और डीजल पर जीरो हो गई है। हालांकि, इससे खुदरा रेट में कोई कमी नहीं आएगी। यह कदम अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद कंपनियों को घाटे से बचाने और रेट बढ़ाने से रोकने के लिए उठाया गया है।
कोरोना जैसी लॉकडाउन की अफवाहें बेबुनियाद
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया कि देश में लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि डर का माहौल न बनाएं और अफवाहों में न फंसें।
ये भी पढ़ें:
तेल कंपनियों के रेट और अफवाहों का असर
कल निजी तेल कंपनी नायरा ने पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए तक महंगा कर दिया। हालांकि, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियों ने अभी रेट में कोई बदलाव नहीं किया है।
गुरुवार देर रात अमृतसर, मोगा और जालंधर में अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं। छह दिन पहले प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। विशेषज्ञों के अनुसार तेल के रेट में यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...