Ganesh Idols Immersed Amid Festive Spirit : मोगा। शहर में पिछले कई दिनों से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा गणेश उत्सव शुक्रवार को भावुक माहौल में संपन्न हुआ। शहर के विभिन्न इलाकों में स्थापित गणेश जी की प्रतिमाओं को श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति भाव के साथ विसर्जन के लिए लेकर रवाना हुए।
इस दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते रहे। मोगा के सराफा बाजार में मराठा मंडल की ओर से स्थापित किए गए ‘लाल बाग का राजा’ के दर्शन के लिए पिछले कई दिनों से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही थी। शुक्रवार को गणेश जी की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाने के दौरान सराफा बाजार में विशेष धार्मिक माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गुलाल खेलकर खुशी का इजहार किया तथा गणेश जी की प्रतिमा पर पुष्पवर्षा की।
ढोल की थाप पर श्रद्धालु नाचते हुए गणेश जी को विदाई देते नजर आए। इस अवसर पर गणेश जी की प्रतिमा को फूलों और डॉलर के हार से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसके बाद प्रतिमा को श्रद्धा के साथ विसर्जन के लिए रवाना किया गया। पूरे रास्ते मराठा मंडल के सदस्य और श्रद्धालु जयकारे तथा भजनों के साथ भक्ति का माहौल बनाए रहे। सराफा बाजार के प्रधान ने बताया कि मराठा मंडल की ओर से इस वर्ष 33वां गणेश उत्सव मनाया गया है।
पिछले 32 वर्षों से मंडल की ओर से गणेश उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार भी उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विसर्जन के दौरान गुलाल खेलने, पुष्पवर्षा करने और ढोल-नगाड़ों के साथ गणेश जी को विदाई देने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने शहरवासियों और श्रद्धालुओं को गणेश उत्सव की बधाई देते हुए कामना की कि गणेश जी सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं। मोगा शहर के अन्य विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश जी की प्रतिमाओं को भी श्रद्धालुओं की ओर से श्रद्धा और भक्ति के साथ विसर्जन के लिए ले जाया गया।