Site icon Dainik Savera Times

गैंगस्टर चिंटू ने यूपी से मंगवाए थे 5 तमंचे, दूसरे गुट के मनी चाहल की हत्या की बना रहा था योजना

जालंधर: वीरवार देर रात चिंटू गैंग की तरफ से सीआईए स्टाफ पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना नं. 6 में हत्या के प्रयास और आम्र्ड एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गैंगस्टर चिंटू ने खुलासा किया है कि उसने दूसरे गुट के मनी चाहल की हत्या को अंजाम देना था मगर पुलिस कार्रवाई के चलते यह हत्याकांड टल गया।

आला पुलिस अधिकारियों की मानें तो वीरवार रात गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर चिंटू, किशन गंजा, नीरज तथा जोशी से पिस्तौल बरामद किए गए हैं। वहीं पुलिस ने मौका-ए-वारदात से 5 खोल भी बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी गैंगस्टर चिंटू की एक्सयूवी कार, 4 मोबाइल फोन तथा 5 अवैध पिस्तौल बरामद किए गए हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर चिंटू ने अपने गैंग के साथ मिलकर एक अन्य गुट के मनी चाहल की हत्या को अंजाम देना था जिसके चलते यूपी से हथियार भी मंगवाए जा चुके थे।

वहीं पुलिस सूत्र यह भी बताते हैं कि पिछले करीब 15 दिनों में चिंटू और उसकी गैंग ने शहर में तीन जगह गोलियां चलाई हैं इनमें से एक वारदात जालंधर-अमृतसर हाईवे पर स्थित वेरका मिल्क प्लांट के निकट स्थित एडवोकेट की भांजी की बर्थडे पार्टी के दौरान सन्नी उर्फकाका के जबड़े में जो गोली मारी गई थी उसमें भी चिंटू का हाथ सामने आ रहा है।

इसके अलावा राजनगर के रॉकी के साथ रंजिश के चलते बुधवार देर रात गांधी कैंप में रॉकी को ललकारते हुए हवाई फायरिंग की थी। सूत्र यह भी बताते हैं कि एक अन्य स्थान पर भी चिंटू ने गोली चलाई थी जिस संबंध में पुलिस तथ्यों पर आधारित जांच कर रही है। हालांकि इस पूरे मामले का खुलासा कमिश्नरेट पुलिस शनिवार सुबह प्रैस कॉन्फ्रैंस के दौरान करेगी।

Exit mobile version