Site icon Dainik Savera Times

पंजाब पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर जसवीर सिंह उर्फ लल्ला गिरफ्तार

पंजाब डेस्क : पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने अमृतसर ग्रामीण पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में कुख्यात गैंगस्टर जसवीर सिंह उर्फ लल्ला को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि लल्ला का संबंध विदेश में बैठे गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट और बंबीहा गैंग से बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम सफलता है। जसवीर सिंह उर्फ लल्ला लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और उस पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि लल्ला को उसके विदेशी आकाओं द्वारा लगातार निर्देश दिए जा रहे थे कि वह प्रतिद्वंद्वी गैंगों के सदस्यों को निशाना बनाए और प्रदेश में दहशत का माहौल कायम रखे। बताया जा रहा है कि वह हत्या, पुलिस पर हमले और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक विदेशी निर्मित .30 कैलिबर पिस्तौल और 8 ज़िंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियार की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसे पहले किसी अपराध में इस्तेमाल किया गया है या नहीं।

AGTF के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लल्ला की गिरफ्तारी से बंबीहा गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। उसकी पूछताछ से और भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में गैंगस्टर गतिविधियों को पूरी तरह खत्म करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Exit mobile version