Site icon Dainik Savera Times

अमरीका छोड़ मैक्सिको पहुंचा गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल; FBI के डर से ठिकाना बदलने की चर्चा

चंडीगढ़ : पंजाब में गैंगस्टरों के नैटवर्क और विदेशों में बैठकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के मामलों के बीच गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल को लेकर नई चर्चा सामने आई है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कुछ समय पहले तक अमरीका में रह रहा जोगा फोलड़ीवाल अब अमरीका छोड़कर मैक्सिको चला गया है।

हालांकि, उसके मैक्सिको पहुंचने और अमरीका छोड़ने के पीछे FBI की कार्रवाई का डर होने संबंधी दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, जोगा फोलड़ीवाल को अमरीका में बैठकर अपना नैटवर्क संचालित करने वाले गैंगस्टर सोनू खत्री का करीबी भी बताया जाता है। ऐसे में उसके ठिकाने में बदलाव को लेकर आपराधिक नैटवर्क पर नजर रखने वाली एजैंसियों की भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

लक्की ओबरॉय हत्याकांड के बाद आया था चर्चा में :-
जोगा फोलड़ीवाल का नाम उस समय सुर्खियों में आया था, जब जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबरॉय की हत्या हुई थी। सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड के बाद जोगा फोलड़ीवाल ने जालंधर में हुई कई अन्य वारदातों की जिम्मेदारी लेने के दावे भी किए थे। पंजाब में पहले भी ऐसे मामले सामने आते रहे हैं, जिनमें विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम स्थानीय स्तर पर हुई आपराधिक वारदातों से जोड़े जाते हैं। ऐसे में जोगा फोलड़ीवाल के कथित ठिकाने में बदलाव को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version