Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का बड़ा असर, 10 महीने में 85,598 गिरफ्तार, 2,231 भगोड़े अपराधी भी पकड़े

November 22, 2026

‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का बड़ा असर, 10 महीने में 85,598 गिरफ्तार, 2,231 भगोड़े अपराधी भी पकड़े

Punjab News: पंजाब में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पंजाब को अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत पिछले 10 महीनों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

इस दौरान पूरे पंजाब में 1.67 लाख से अधिक छापेमारी की गई और गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों सहित कुल 85,598 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 2,231 भगोड़े अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है।

पंजाब पुलिस के अनुसार, यह अभियान संगठित अपराध के नेटवर्क को कमजोर करने और अपराधियों के सहयोगियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाया जा रहा है। सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही हैं।

20 जनवरी 2026 को शुरू हुआ था अभियान

पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने की थी।

इसके तहत राज्य के विभिन्न जिलों में गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के चिन्हित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का फोकस अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ उन्हें मदद पहुंचाने वाले लोगों की पहचान करना भी है।

छापेमारी में 1,497 हथियार और 21 हैंड ग्रेनेड बरामद

विशेष डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार लोगों के कब्जे से 1,497 हथियार, 4,561 जिंदा कारतूस, 487 मैगजीन, 296 धारदार हथियार, 21 हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।

इसके अलावा 48,422 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, जांच और पूछताछ के बाद 19,749 लोगों को छोड़ दिया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 2,231 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

अभियान के 304वें दिन 249 लोगों की गिरफ्तारी

अभियान के 304वें दिन भी पंजाब पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान पुलिस टीमों ने 626 छापेमारी की और 249 लोगों को गिरफ्तार किया।

इसके साथ ही 256 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई, जबकि 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। विशेष डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने स्पष्ट किया कि गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

गैंगस्टरों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी

पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी अपराध के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर साझा की जा सकती है।

इस नंबर के जरिए लोग गोपनीय तरीके से पुलिस तक सूचना पहुंचा सकते हैं।

ये भी पढ़ें…

‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में 143 तस्कर गिरफ्तार

गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान भी जारी रखा है। इस अभियान के 629वें दिन पुलिस ने 143 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6.2 किलोग्राम हेरोइन, 2.5 किलोग्राम अफीम,10 किलोग्राम भुक्की, 82 नशीली गोलियां और कैप्सूल और 1.88 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की।

इस ताजा कार्रवाई के बाद अभियान के तहत अब तक गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 94,085 हो गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें