Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाहौरी गेट में फिर सजा कूड़े का डंप, स्वच्छता अभियान के दावों पर उठे सवाल

September 8, 2026

लाहौरी गेट में फिर सजा कूड़े का डंप, स्वच्छता अभियान के दावों पर उठे सवाल

पटियाला: नगर निगम द्वारा करीब दो महीने पहले साफ करवाया गया लाहौरी गेट क्षेत्र का अवैध कूड़ा डंप एक बार फिर लौट आया है। पुराने बस स्टैंड की तरफ से शेरांवाला गेट मार्कीट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे दोबारा जमा हो रहे कूड़े के ढेर ने निगम की सफाई व्यवस्था और नियमित निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शहर के पुराने और व्यस्त व्यावसायिक इलाके लाहौरी गेट में सड़क किनारे खुले में कूड़ा जमा होना अभियान के दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़ा कर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से इस स्थान पर खुले में कूड़ा फैंका जा रहा है।

दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का सवाल है कि जब निगम ने दो महीने पहले इस स्थान को साफ करवाया था तो दोबारा यहां कूड़ा जमा होने से रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था क्यों नहीं की गई? नगर निगम में विपक्ष के नेता एवं भाजपा पार्षद अनुज खोसला ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़कों के किनारे नियमित कूड़ा उठाने में निगम अधिकारी विफल साबित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का स्वच्छता अभियान जमीनी स्तर पर प्रभावी नजर नहीं आ रहा। उन्होंने मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं, मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लाहौरी गेट क्षेत्र की 24 घंटे के भीतर सफाई करवाने और इसकी रिपोर्ट उनके कार्यालय में पेश करने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें