Site icon Dainik Savera Times

गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज के छात्र का शव रहस्यमय परिस्थितियों में हॉस्टल में बरामद

फरीदकोट : फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमडी की पढ़ाई कर रहे एक छात्र का रहस्यमय परिस्थितियों में शव कॉलेज के हॉस्टल में मिला। जानकारी देते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एनेस्थीसिया के एमडी डॉ. यादविंदर सिंह ड्यूटी पर नहीं आये हैं। उन्होंने बताया कि जब उनके सहकर्मियों से संपर्क किया गया तो पता चला कि उन्हें डॉ. यादविंदर कैंटीन में भी नहीं मिले।

उन्होंने बताया कि इसके बाद उनके सहकर्मी हॉस्टल के कमरे में आए और उन्हें आवाज दी, कमरा अंदर से बंद था और काफी आवाज लगाने के बाद भी कमरा नहीं खुला तो उनके सहकर्मियों ने धक्का देकर कमरा खोला। डॉ. यादविंदर जमीन पर गिरे हुए मिले और उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पुलिस जांच कर रही है।

मौके पर पहुंचे डीएसपी बूटा सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जीजीएस मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले एक डॉक्टर की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस दल मौके पर पहुंच गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया कुछ नहीं कहा जा सकता और मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल मृतक के वारिसों को बुलाया गया है और उनके आने पर वे जो भी बयान दर्ज कराएंगे, परिस्थिति के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version