Site icon Dainik Savera Times

प्रेमिका के परिवार ने शादी का झांसा देकर गुजरात से लुधियाना बुलाया, उतारा मौत के घाट

लुधियाना (भट्ट/ गुरमीत) : गुजरात के युवक की लुधियाना में हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार लड़की के परिजनों ने गुजरात के सचिन तिवारी (25, वासी जाैनपुर, यूपी) को लुधियाना बुलाया और टिब्बा थाने के न्यू पुनीत नगर में तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में दाखिल किया गया। जहां से उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया। लेनिक, इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

पुलिस ने युवक के परिजनों की शिकायत पर अनुज यादव व बलजीत सिंह के अलावा 2 अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अनुज यादव व बलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक सचिन एक माह पहले ही गुजरात से लुधियाना आया था। युवक करीब 2 साल पहले भी लुधियाना ही रहता था और उस दौरान उसका किसी लड़की से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। मृतक के चाचा राकेश तिवारी ने बताया कि तब लड़की उसके साथ यहां से उनके गांव आई। लड़की नाबालिग थी तो उसे तुरंत वहां से यहां लाए और उसके परिवार के सपुर्द किया।

तब दोनों पक्षों में समझौता हुआ और उसके बाद लड़के को लेकर गांव चले गए। करीब डेढ़ साल पहले लड़के को नौकरी के लिए गुजरात भेजा था। गांव में उसके रिश्ते की बात चल रही थी। लड़की वालों को जब पता लगा तो उन्होंने लड़की से उसे फोन करवाने शुरू किए। उन्होंने बताया कि लड़की वालों ने उसे कहा कि लुधियाना आ जाए ताकि शादी करवाई जा सके। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने उसे बहला फुसलाकर करीब एक डेढ़ महीना पहले लुधियाना बुलाया और उसे मार दिया। भगतवीर सिंह, एसएचओ थाना टिब्बा, का कहना है कि 2 आरोपियों अनुज यादव व बलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

एक घर में छिपा तो हमलावर खींच कर लाए बाहर:

प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि 3-4 हमलावर बाइक पर आए और उन्होंने गली में सचिन को पकड़ लिया। उन्होंने जब सचिन को पीटना शुरू किया तो वह भागकर एक घर में छुप गया। आरोपी उसे घर के अंदर से घसीटकर लाए और तेजधार हथियारों से उस पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले के बाद सचिन खून से लथपथ हालात में वहां पड़ा रहा और लोग जब उससे पूछ रहे थे तो वह कुछ बताने की हालत में नहीं था।

ये भी देखें : Gold-Silver Rates: सोना-चांदी के दाम आज बढ़े या घटे? जानें अपने शहर में इनके लेटेस्ट रेट

Exit mobile version