Site icon Dainik Savera Times

ग्लोबल वार्मिंग पूरी दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती : संत सीचेवाल

 
 

Global Warming a Major Challenge for the World : जालंधर। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। धरती के लगातार बढ़ते तापमान से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है।

इसके गंभीर परिणाम मानवता को भुगतने पड़ रहे हैं। वह ग्रीन मॉडल टाउन स्थित इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप के स्कूल में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। संत सीचेवाल ने कहा कि तापमान में लगातार वृद्धि के कारण ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं। हाल ही में नेपाल में ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटने से हुई तबाही इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ की जा रही छेड़छाड़ के कारण कहीं भीषण बाढ़ आ रही है तो कहीं सूखे जैसे हालात पैदा हो रहे हैं।

जलवायु परिवर्तन का असर पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने दुनिया में जारी युद्धों पर चिंता जताते हुए कहा कि मानवता को भारी नुकसान पहुंच रहा है। दुनिया ने ऐसे विनाशकारी हथियार तैयार कर लिए हैं, जो कई बार पूरी धरती को तबाह कर सकते हैं, लेकिन स्वच्छ पानी और शुद्ध हवा जैसे जीवन के लिए जरूरी संसाधनों को सुरक्षित रखने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पानी और शुद्ध हवा का प्राकृतिक खजाना बचाकर रखना होगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से अपील की कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा भी दी जाए, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

Exit mobile version