पंजाब डेस्क: बठिंडा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आम लोगों से सीधा संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से हलका इंचार्ज गोपाल सिंह कोटफत्ता की ओर से जन मिलनी कार्यक्रमों में तेजी लाई गई है। इसी कड़ी में उन्होंने बंबीहा, रायके खुर्द, बहादरगढ़ जंडियां, गेहरी बुट्टर और पथराला गांवों में जनसभाएं कीं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं व जरूरतें नेताओं के सामने रखीं।
लोगों से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान का भरोसा
जनसभाओं को संबोधित करते हुए गोपाल सिंह कोटफत्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य के लोगों को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
महिलाओं के लिए सम्मान राशि का किया जिक्र
महिलाओं को संबोधित करते हुए कोटफत्ता ने ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि योजना के तहत विभिन्न वर्गों की वयस्क महिलाओं को मासिक सम्मान राशि देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश की माताओं और बहनों में खुशी है।
मौके पर सुनीं लोगों की समस्याएं
इस दौरान गोपाल सिंह कोटफत्ता ने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि गांवों के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जनसभाओं के दौरान जिला योजना समिति के चेयरमैन हरदीप सिंह सरां, चेयरमैन परमजीत सिंह कोटफत्ता, चेयरमैन लखवीर सिंह मान, संगठन इंचार्ज सरपंच दीप डूमवाली, युवा नेता सरपंच सुखजिंदर रोमाणा, युवा हलका इंचार्ज रेशम सिंह तिउणा, ब्लॉक अध्यक्ष सरपंच चरणजीत सिंह, महिला नेता हरमनदीप कौर, लीगल सेल अध्यक्ष एडवोकेट बाबू सिंह मान, युवा ब्लॉक अध्यक्ष खुशदीप सिंह सहित कई नेता, सरपंच और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
📍 Location: Bathinda (Bathinda)

