Site icon Dainik Savera Times

दूसरे दिन भी थमे रहे सरकारी बसों के पहिए; यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

जालंधर: पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर शुरू की गई हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते सरकारी बस सेवा लगभग पूरी तरह प्रभावित रही। जालंधर डिपो से केवल तीन सरकारी बसों का संचालन हुआ, जिन्हें नियमित कर्मचारियों ने चलाया। सरकारी बसों के पहिए थमे रहने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यूनियन की प्रमुख मांगों में कांट्रैक्ट कर्मचारियों को पक्का करना, संघर्ष के दौरान कर्मचारियों पर दर्ज पर्चे रद्द करना, विभाग के निजीकरण पर रोक लगाना और किलोमीटर स्कीम के तहत बसें चलाने के फैसले को वापस लेना शामिल है। मंगलवार को हड़ताल के दौरान यूनियन की ट्रांसपोर्ट सैक्रेटरी के साथ बैठक हुई। बैठक में कुछ मांगों को लेकर सहमति बनने के बाद इन्हें लिखित रूप में यूनियन को दिया गया। यूनियन के अनुसार सरकार ने मांगों पर कार्रवाई के लिए 14 अगस्त तक का आश्वासन दिया है।

यूनियन ने कहा कि सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद बुधवार सुबह पहली शिफ्ट से सरकारी बसों का संचालन पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। उधर, सरकारी बसों के नहीं चलने से बस स्टैंड पर यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्री घंटों तक सरकारी बसों का इंतजार करते नजर आए, लेकिन बसें नहीं मिलने पर उन्हें मजबूरन प्राइवेट बसों के साथ-साथ ऑटो, निजी टैक्सी और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

Exit mobile version