Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल; सरकारी दफ्तर, स्कूल और अस्पतालों की OPD रहेंगे बंद

Cloth Shops Closed

Punjab News: पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की सामूहिक हड़ताल के चलते आज यानी 27 अगस्त को राज्यभर में सरकारी कामकाज प्रभावित रहेगा। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश लिया है। इसके कारण सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सरकारी अस्पतालों व डिस्पेंसरी की OPD सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना है।

साझा कर्मचारी मंच पंजाब के आह्वान पर बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हुए हैं। कर्मचारी संगठनों का दावा है कि करीब 3 लाख कर्मचारी हड़ताल का हिस्सा बन रहे हैं।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

कर्मचारी संगठनों की मुख्य मांगों में लंबित महंगाई भत्ते (DA) की किस्तें जारी करना और पुराने बकाये का भुगतान शामिल है। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने तथा कर्मचारियों से जुड़ी अन्य सेवा संबंधी मांगों को पूरा करने की मांग भी की जा रही है।

सरकारी बस कर्मचारी हड़ताल से बाहर

पहले सरकारी बसों के ड्राइवर और कंडक्टर भी आंदोलन में शामिल होने वाले थे। हालांकि, बुधवार को वित्त मंत्री के साथ बैठक के बाद उन्होंने राखी के त्योहार को देखते हुए हड़ताल में शामिल नहीं होने का फैसला किया। इससे सरकारी बस सेवाओं के पूरी तरह ठप होने की स्थिति टल गई है।

वहीं, अधिकारियों की गाड़ियां चलाने वाले ड्राइवरों के हड़ताल में शामिल होने से कई अधिकारियों के लिए कार्यालय पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

दोपहर 1 बजे CM भगवंत मान से होगी मुलाकात

हड़ताल के बीच कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि आज दोपहर 1 बजे जालंधर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात करेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक होने के बावजूद आज की सामूहिक हड़ताल जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें…

लगातार चार दिन प्रभावित रह सकता है सरकारी कामकाज

27 अगस्त की हड़ताल के बाद 28 अगस्त को रक्षाबंधन की सरकारी छुट्टी है। इसके बाद शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण सरकारी कार्यालयों में लगातार चार दिनों तक सामान्य कामकाज प्रभावित रहने की स्थिति बन गई है।

Exit mobile version