नूरपुरबेदी: शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू हुई शिक्षा क्रांति की लहर के तहत पंजाब के सरकारी स्कूलों में ऐतिहासिक बदलाव की शुरूआत हो गई है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने राज्य के इतिहास में पहली बार शिक्षा क्षेत्र के बजट में 12 प्रतिशत की वृद्धि कर एक नया इतिहास रच दिया है। इस अवसर पर रूपनगर के विधायक एडवोकेट दिनेश चड्ढा भी विशेष रूप से उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों को पूरी तरह अनदेखा किया है। उन्होंने कहा है कि आज जब आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली पंजाब सरकार इन दोनों क्षेत्रों में क्रांतिकारी सुधार लाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है, तो विरोधियों को यह हजम नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार के प्रयासों से पंजाब तेजी से बदल रहा है और पंजाब शिक्षा क्रांति की शुरूआत हो चुकी है। सरकारी स्कूल अब मॉडल और कॉन्वेंट स्कूलों को भी पीछे छोड़ रहे हैं। इस बदली हुई शिक्षा व्यवस्था ने अभिभावकों का रुझान सरकारी स्कूलों की ओर मोड़ा है।
इस अवसर पर विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि पंजाब के 12 हजार सरकारी स्कूलों का स्वरूप बदल रहा है। अब स्कूलों के प्रिंसीपल और हेड टीचर्स को प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर, फिनलैंड और आईआईएम भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हमारा भविष्य हैं, जिन्हें हर सुविधा देना सरकार की जिम्मेदारी है। शिक्षकों की अथक मेहनत छात्रों की सफलता में अहम भूमिका निभा रही है।
विधायक चड्ढा ने कहा कि पंजाब शिक्षा क्रांति अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक परिवर्तन की लहर है जो हर गांव, हर स्कूल और हर बच्चे तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और सरकारी स्कूलों में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवा रही है।
ये भी पढ़ें: SRH vs LSG IPL 2026 : लखनऊ सुपर जाएंट्स ने जीता टॉस, जानें पहले कौन करेगा बल्लेबाजी

