Site icon Dainik Savera Times

नशा तस्करों पर सरकार की सख्त कार्रवाई, नंगल में अवैध निर्माण हटवाया

नंगल : पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों और उनसे जुड़े तत्वों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रूपनगर पुलिस नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े व्यक्तियों के साथ-साथ उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है।

एस.एस.पी रूपनगर मनिंदर सिंह, डी.एस.पी नवनीत सिंह व नंगल थाना मुखी के नेतृत्व में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए, नंगल नगर परिषद ने राज नगर निवासी शिव कुमार उर्फ बंटी द्वारा अपने घर के सामने किए गए अवैध निर्माण को हटवा दिया। नंगल नगर परिषद ने उक्त अवैध निर्माण को हटवाने के लिए पुलिस की सहायता ली थी।

पुलिस रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि उक्त व्यक्ति पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं और वह मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है।

इसके बाद, नंगल नगर परिषद ने पुलिस की मदद से उक्त अवैध निर्माण को हटवाने की कार्रवाई की। पंजाब सरकार की नशाें के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति के तहत, पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नशों की तस्करी और बिक्री में शामिल तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version