पंजाब डेस्क: मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। पंजाब में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर हाल के दिनों में असामान्य स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हुई है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि गैस कंपनियों के ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण ग्राहकों को बुकिंग के दौरान ओटीपी प्राप्त नहीं हो पा रहा, जिससे सिलेंडर बुकिंग की प्रक्रिया बाधित हो रही है। इस समस्या के कारण डिलीवरी सिस्टम भी प्रभावित हुआ है।
अमृतसर में एजेंसी बंद करनी पड़ी
अमृतसर में गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ गैस एजेंसियों के बाहर जमा हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए एक एजेंसी को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। लोगों की लंबी कतारें और बढ़ती मांग के कारण स्थानीय प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
सरकार ने दिए सख्त निर्देश
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि राज्य में गैस की सप्लाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कहीं भी एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कीमतों में अचानक उछाल
जालंधर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में अचानक भारी बढ़ोतरी देखी गई है। जहां पहले एक सिलेंडर लगभग 1600 रुपये में मिल रहा था, वहीं अब कुछ स्थानों पर इसकी कीमत 3500 रुपये तक पहुंच गई है। इसके चलते होटल और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नई बुकिंग व्यवस्था लागू
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। इसके तहत एक बार सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग 25 दिनों के बाद ही की जा सकेगी। साथ ही गैस एजेंसियों के बाहर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात करने की योजना भी बनाई जा रही है।
ये भी पढ़ें:
डीलर्स का दावा: सिलेंडर की कमी नहीं
एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण गुप्ता का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की वास्तविक कमी नहीं है। एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल में तकनीकी समस्या आने के कारण डिलीवरी में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बिना बुकिंग वेरिफिकेशन के किसी भी ग्राहक को सिलेंडर देना संभव नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या जल्द ही ठीक कर ली जाएगी, जिसके बाद गैस सप्लाई और बुकिंग प्रक्रिया फिर से सामान्य हो जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...