Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

NHM कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने की मांग पर सरकार की सहमति

November 18, 2026

NHM कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने की मांग पर सरकार की सहमति

पठानकोट : पंजाब में पिछले करीब 20 वर्षों से नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत ठेके पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को अब अपनी सेवाएं नियमित होने की उम्मीद जगी है। सोमवार, 17 नवंबर को सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में वित्त विभाग के विशेष सचिव की अध्यक्षता में एनएचएम इंप्लाइज यूनियन के प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। सबसे प्रमुख मांग सेवाओं को नियमित करने की रही, जिस पर वित्त विभाग की ओर से सकारात्मक रुख दिखाया गया।

यूनियन नेताओं संदीप कौर बरनाला, डॉ. वाहिद मलेरकोटला, दिनेश गर्ग पटियाला और सुखजीत सिंह रोपड़ ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने के लिए विशेष नीति तैयार करने पर सहमति बनी है। इसके लिए एनएचएम विभाग को पांच दिनों के भीतर प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, इस संबंध में आगे की कार्रवाई और अंतिम निर्णय को लेकर 30 नवंबर को दोबारा बैठक करने का फैसला लिया गया है।

बैठक में वित्त विभाग के विशेष सचिव शौकत अहमद पारे, एनएचएम मिशन डायरेक्टर साक्षी साहनी, वेलफेयर विभाग के विशेष सचिव, शिक्षा विभाग के सचिव, एनएचएम डायरेक्टर, एसीएफए सौरव गुप्ता और एचआर मैनेजर दीपशिखा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यूनियन प्रतिनिधियों ने बैठक में कहा कि कर्मचारी पिछले 20 वर्षों से बेहद कम वेतन पर ठेके के आधार पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और सम्मानजनक वेतन नहीं मिल रहा। वित्त विभाग की ओर से इस मांग पर वित्तीय बोझ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें