Site icon Dainik Savera Times

काहन सिंह वाला में ग्रामीण विकास के ‘प्रगति’ प्रोजेक्ट का शानदार आगाज

मोगा: गांव काहन सिंह वाला में समाजसेवी संस्था शरण फाउंडेशन की ओर से नैब फाउंडेशन और नैब किसान फाइनेंस लिमिटेड के विशेष सहयोग से ग्रामीण विकास के अनूठे प्रोजेक्ट ‘प्रगति’ का शानदार आगाज किया गया। कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मोगा जतिंदरजोत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और गांवों की नुहार बदलने की इस पहल की सराहना की।

जतिंदरजोत सिंह ने गांववासियों से अपील की कि प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाना अब उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को कूड़ा मुक्त बनाने में भी सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नैब फाउंडेशन के टीम लीड अली उस्मान बेग विशेष रूप से मुंबई से पहुंचे। उन्होंने अब तक प्रोजेक्ट के तहत किए गए कार्यों की जानकारी साझा की और ग्रामीणों की ओर से मिले सहयोग के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के जनहितैषी प्रयास जारी रखने का विश्वास दिलाया। समारोह की शुरुआत शरण फाउंडेशन के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने प्रोजेक्ट के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए गांवों में लंबे समय तक टिकाऊ विकास सुनिश्चित करने की संस्था की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट ‘प्रगति’ को मोगा जिले के काहन सिंह वाला और जोगेवाला गांव में लागू किया जा रहा है। प्रोजेक्ट के तहत गांव के छप्पड़ का सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण, जरूरतमंद लोगों को आजीविका के साधन उपलब्ध करवाने के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री और बकरी पालन को बढ़ावा देना, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करना, घरेलू गंदे पानी के निकास के लिए सोकपिट बनाना, फलों के बाग लगाना तथा परिवारों के लिए प्राकृतिक तरीके से किचन गार्डन तैयार करना शामिल है। कार्यक्रम में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरजाप कौर भी विशेष रूप से पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों को पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान गांववासियों ने संस्था की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट ‘प्रगति’ के तहत गांव में कई विकास कार्य चल रहे हैं, जिनका ग्रामीणों को काफी लाभ मिल रहा है। विशेष रूप से काहन सिंह वाला में छप्पड़ की सफाई और गहरीकरण के कार्य की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्षों में बरसात के मौसम के दौरान छप्पड़ का पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के घरों में घुस जाता था। संस्था की ओर से कुओं का निर्माण करने और छप्पड़ को गहरा करने के बाद इस समस्या से काफी राहत मिली है। इससे विशेष रूप से छप्पड़ के आसपास रहने वाले परिवारों को बड़ी सुविधा मिली है। कार्यक्रम में दोनों गांवों की पंचायतों, ग्राम विकास समितियों के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version