डंप हटाकर चैंबर रोड पर सजाई हरियाली

Greenery planted after removing the dump : मोगा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ हरा-भरा बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक सराहनीय कदम उठाया है। चैंबर रोड पर लंबे समय से लगे कूड़े के डंप को हटाकर वहां सुंदर पौधे लगाए गए हैं।
इस पहल से न केवल क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ी है, बल्कि लोगों को गंदगी और कूड़े की समस्या से भी राहत मिली है। मेयर विनयपाल कौर ने शहरवासियों से स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ मोगा, सुंदर मोगा का सपना हर नागरिक की भागीदारी से ही साकार होगा। इस कार्रवाई से जहां सड़क किनारे जमा होने वाले कूड़े से लोगों को राहत मिली, वहीं इलाके की सुंदरता में भी इजाफा हुआ है। इस पहल को शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने की मुहिम से जोड़कर देखा जा रहा है।
चैंबर रोड पर लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। डंप के कारण इलाके की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती थी। अब डंप हटाकर उस स्थान को सुंदर बनाने के लिए पौधे लगाए जाने से इलाके की तस्वीर बदली नजर आ रही है। इस मौके पर नगर निगम के मेयर विनय पाल कौर सीनियर डिप्टी मेयर राकेश काला बजाज, पार्षद विक्रम सिंह और प्रिंस अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई केवल प्रशासन या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक शहरवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि लोग अपने आसपास कूड़ा न फेंकें और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई एवं देखभाल में सहयोग दें तो मोगा को और अधिक सुंदर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जहां भी संभव हो, कूड़े वाले स्थानों की सफाई करवाकर वहां हरियाली विकसित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। पौधे लगाने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। इलाका निवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डंप की जगह पौधे लगाए जाने से चैंबर रोड का स्वरूप पहले की अपेक्षा काफी सुंदर हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस स्थान पर दोबारा कूड़ा न फेंकें और लगाए गए पौधों की देखभाल में सहयोग करें।
