Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्रेनेड हमला : एक और आरोपी गिरफ्तार, 17 तक पहुंची गिरफ्तारी

September 6, 2026

ग्रेनेड हमला : एक और आरोपी गिरफ्तार, 17 तक पहुंची गिरफ्तारी Grenade attack : Another accused arrested : मोगा। सदर थाना परिसर में हुए लो-इंटेंसिटी ग्रेनेड हमले की जांच में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 17 कर दी है। जांच में सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने वाले नेटवर्क और फिरोजपुर-जम्मू ट्रेन में आईईडी लगाने की कथित साजिश का भी खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने साथ जोड़कर वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। विशेष रूप से इंस्टाग्राम के जरिए स्थानीय युवाओं से संपर्क किया जाता था। इसके बाद विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर अलग-अलग वारदातों की योजना तैयार की जाती थी। जांच के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क की एक और गंभीर साजिश का पता चला। आरोपितों की ओर से फिरोजपुर-जम्मू ट्रेन में आइईडी लगाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस की समय रहते कार्रवाई के कारण इस साजिश को विफल कर दिया गया। जांच में सामने आया कि मक्खू के आसपास ट्रेन में धमाका करने की योजना थी।

गगन के संपर्क में भी था रणजीत

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किया गया रणजीत सिंह इस मामले के कथित मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि के संपर्क में था। इसके अलावा वह जेल में बंद गगन उर्फ काली के साथ भी संपर्क में रहा है। पुलिस को आशंका है कि जेल में बंद गगन फोन के माध्यम से अपने साथियों से संपर्क कर नेटवर्क को दिशा-निर्देश देता था।

10 टीमों ने की थी जांच, खुलता गया नेटवर्क

फरीदकोट रेंज की आइजी नीलांबरी जगदाले ने 21 जुलाई को बताया था कि ग्रेनेड हमले की जांच के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई थीं। जांच के शुरुआती चरण में जिला फिरोजपुर निवासी गगन, शुभम और राजेश को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में सदर थाना परिसर में ग्रेनेड फेंकने की वारदात से जुड़े अहम सुराग मिले थे। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मॉड्यूल को कथित तौर पर इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल संचालित कर रहा था। वह फिलहाल यूके में रह रहा है और वहीं से अपने साथियों के संपर्क में रहकर उन्हें निर्देश देता था। पुलिस अब रणजीत सिंह से पूछताछ कर नेटवर्क में उसकी भूमिका, विदेश में बैठे हैंडलरों से संपर्क और अन्य वारदातों की साजिश से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में यूके और पाकिस्तान से जुड़े तारों की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें