अमृतसर। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आज अजनाला में कहा कि शिक्षा ही गरीबी को दूर करने का सबसे बड़ा माध्यम है। किसी परिवार को गरीबी से बाहर निकालने की ताकत केवल अच्छी शिक्षा में है। इसलिए उनका हमेशा प्रयास रहा है कि अधिक से अधिक सरकारी स्कूलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी निजी स्कूलों जैसा माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। सांसद औजला आज सारंग देव स्थित सरकारी स्कूल में नए सोलर पैनल का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उनके साथ उनके भाई ओर सीनियर कांग्रेसी नेता सुखजिंदर सिंह सुख औजला सहित स्कूल का स्टाफ मौजूद था।
सरकारी स्कूल में नई बिल्डिंग और अन्य सुविधाओं के लोकार्पण के अवसर पर संबोधित करते हुए औजला ने बताया कि जब वह पहली बार यहां आए थे तो स्कूल की इमारत असुरक्षित थी और बच्चों के लिए वहां बैठकर पढ़ना भी मुश्किल था। सांसद औजला ने बताया कि स्कूल के शिक्षक रमन ने स्कूल की खराब स्थिति से उन्हें अवगत करवाया था। इसके बाद करीब 32 लाख रुपये की लागत से स्कूल की नई इमारत और बाथरूम का निर्माण करवाया गया। अब गर्मियों में बिजली जाने के कारण बच्चों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए रविंद्रा फाउंडेशन के माध्यम से करीब 10 लाख रुपये की लागत से सोलर सिस्टम भी लगवाया गया है।
औजला ने कहा कि केवल स्कूल की इमारत बना देना ही काफी नहीं है, बल्कि वहां ऐसा वातावरण तैयार करना भी जरूरी है, जहां बच्चे खुशी से पढ़ने आएं। सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक एमए, एमएड और बीएड जैसी योग्यताएं रखते हैं। ऐसे में जरूरत केवल बेहतर सुविधाओं और सकारात्मक माहौल की है। उनका सपना है कि सरकारी स्कूलों में इतनी अच्छी शिक्षा मिले कि अभिभावकों को अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजने की जरूरत महसूस न हो।
उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से दूर रखकर गरीबी दूर नहीं की जा सकती। यदि किसी परिवार को आर्थिक तंगी से बाहर निकालने की क्षमता किसी चीज में है तो वह शिक्षा है। इसलिए उनका विशेष ध्यान स्कूलों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर रहता है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से अमृतसर से रामदास तक हाईवे निर्माण का भी जिक्र किया और कहा कि विकास के काम जमीन पर दिखाई देने चाहिए, केवल मंचों से दावे करने से कुछ नहीं होता।
सांसद औजला ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सुुखजिंदर सिंह को विधायक की टिकट जनता ने देनी है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन और विश्वास ही किसी व्यक्ति को आगे बढ़ाता है। सुुखजिंदर सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने उन्हें ईमानदार, मेहनती और संघर्षशील बताया। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 10 साल से लोगों के काम करवाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं और अब जनता के बीच रहकर क्षेत्र की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे लोगों को आगे लाएं जो क्षेत्र की समस्याओं को समझते हों और ईमानदारी से काम करने की क्षमता रखते हों। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सुुखजिंदर सिंह को विधायक बनाकर क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष काम करवाए जाएंगे। सड़कों और गांवों का विकास भी सरकार की जिम्मेदारी होगी, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
औजला ने कहा कि लोकतंत्र में जनता स्वतंत्र है और उसे अपनी मर्जी से किसी भी राजनीतिक दल या नेता से मिलने का अधिकार है। वोट डालने के बाद किसी व्यक्ति को किसी नेता का गुलाम बनकर रहने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए विधायकों और नेताओं के चक्कर नहीं काटने पड़ने चाहिए। थाने में न्याय मिलना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी होनी चाहिए। आम आदमी को न्याय के लिए बार-बार आने-जाने और पैसे खर्च करने की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में बदलाव अच्छे और ईमानदार लोगों के आगे आने से ही संभव है। जनता के साथ डर या दबाव से नहीं, बल्कि प्यार और तर्क के साथ संवाद होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों को अपनी बात रखने और किसी भी नेता से मिलने की पूरी आजादी होगी।
कार्यक्रम के अंत में औजला ने स्कूल की इमारत का निरीक्षण करते हुए स्टाफ को कुछ जरूरी सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि इमारत की फिनिशिंग, टाइलों और छत के किनारों को बेहतर तरीके से तैयार किया जाए, ताकि बारिश और मौसम के कारण रंग-रोगन खराब न हो। स्कूल में साधारण लेकिन आकर्षक रंग करवाने, उचित स्थान पर स्कूल का नाम दर्शाने वाला बोर्ड लगाने और जरूरी सामान व्यवस्थित तरीके से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल की इमारत भले ही साधारण हो, लेकिन उसका स्वरूप ऐसा होना चाहिए कि बच्चों को वहां पढ़ने में गर्व और खुशी महसूस हो। बच्चों को अच्छा अवसर और माहौल मिलेगा तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ सकेंगे।

